ओमैक्स हाइट्स लेडीज क्लब ने मनाया हरियाली तीज उत्सव, कजरी और नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां

लखनऊ। गोमती नगर के विराज खंड स्थित ग्रैंड जेबीआर होटल में शनिवार को ओमैक्स हाइट्स, विभूति खंड, गोमती नगर के लेडीज क्लब की महिलाओं द्वारा सावन के हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर सावन की खुशियों को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन शुभा श्रीवास्तव, डॉली दवे, नीलम त्रिपाठी, सिम्मी आनंद और रूपाली ने किया। इस दौरान क्लब की महिलाओं ने कजरी गीत, शास्त्रीय संगीत, आधुनिक नृत्य, नाट्य प्रस्तुति और मधुर गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वरिष्ठ महिलाओं की नृत्य प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में महिलाओं ने हरी साड़ियों और हरी चूड़ियों के साथ सावन के पारंपरिक रंग को साकार किया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव और उमंग का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित महिलाओं का खूब मनोरंजन किया।
आयोजन के अंत में आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागियों और कलाकारों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने आपसी मेल-जोल और उल्लास के साथ हरियाली तीज उत्सव का आनंद लिया।





