पिछड़े वर्ग को आरक्षण के साथ होंगे नगर निकाय चुनाव : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को लखनऊ में एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि नगर निकाय के चुनाव जब भी होंगे, तब पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण के साथ ही होंगे। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था, अपराधियों का बोल बाला था, जमीनों पर कब्जा, मकानों पर कब्जा फैशन बन गया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर महानगर के शारदा नगर -1 शक्ति केंद्र पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी का झंडा लगा लेने पर गुंडागर्दी का प्रमाण पत्र मिल जाता था। आज गुंडे माफियाओं पर रोक लगी है तो समाजवादी पार्टी के मुखिया समेत सभी लोग तिलमिला रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राष्ट्रपति के बजट सत्र के अभिभाषण को देश के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने तय किया कि आम जनमानस तक संगोष्ठियों के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। 2014 के पूर्व और आज के भारत में बहुत अंतर आया है। जब कांग्रेस की अगुवाई में सपा बसपा जैसे दलों की बैसाखी पर सरकार चलती थी, उस समय भ्रष्टाचार शिष्टाचार बन गया था। पहले की सरकार केंद्र सरकार या राज्य सरकार में किसी परियोजना के लिए 100 रुपये भेजा जाता था तो 15 रुपया लोगों तक पहुंचता था। 85 रुपया कांग्रेस, सपाई, बसपाई नेता, कार्यकर्ता व इन के संरक्षण में पल रहे भ्रष्ट अधिकारी खा जाते थे।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भ्रष्टाचार मुक्त भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी जांच एजेंसियों से कह दिया है कि जिन्होंने देश को लूटा है, उनसे एक- एक पाई वसूल करो। यह देश का पैसा है जो देश की जनता का है। भाजपा महानगर अध्यक्ष व एमएलसी मुकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष ग्रामीण श्रीकृष्ण लोधी, रमाशंकर त्रिपाठी, गिरजा शंकर गुप्ता, पार्षद विनोद मौर्या, कौशलेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष शिव शंकर विश्वकर्मा, अनूप मिश्रा, महानगर मंत्री अमोद कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।