वरिष्ठ नागरिक पोर्टल से मिलेगी वृद्धजनों को जानकारी

- वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय मानकों पर निर्मित होगा वृद्धाश्रम
लखनऊ। समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की अध्यक्षता में शुक्रवार को भागीदारी भवन में वरिष्ठ नागरिकों की राज्य परिषद की दूसरी बैठक संपन्न हुई। मंत्री ने निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जाए। यह वृद्धाश्रम प्रदेश में मानक वृद्धाश्रम के रूप में बने। इस दौरान समाज कल्याण मंत्री ने वृद्धजनों के लिए वेबसाइट http://oldagehome.upsdc.gov.in लांच किया है। बताया कि इस पोर्टल पर वृद्धजनों को आवश्यक जानकारी एवं वृद्धाश्रमों की सूचना मिलेगी।
डॉ. अभिषेक शुक्ला,सदस्य, वरिष्ठ नागरिक परिषद एवं फाउंडर,आस्था हॉस्पिटल की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। जो वृद्धजनों की समस्याओं के विषय पर अध्ययन करेगी एवं मानक तय करेगी। साथ ही वृद्धाश्रम नियामक इकाई भी बनाई जाएगी, जो वृद्धाश्रमों के मानक तय करने के साथ निरीक्षण कर सुनिश्चित करेगी कि सभी संचालित वृद्धाश्रमों में अच्छी से अच्छी गुणवत्ता के साथ सेवाये उपलब्ध हों। नियामक इकाई को सॉफ्टवेयर भी उपलब्ध कराया जाएगा जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए। समाज कल्याण की भूमि पर कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा वृद्धाश्रम निर्मित किए जाने के संबंध में चर्चा हुई।