पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी के निर्देशन में कांग्रेस ने निकाली भारत जोड़ो यात्रा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने सोमवार को बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी समेत बुनियादी मुद्दों को उठाते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी की अगुवाई में परिवर्तन का संकेत है।
चारबाग स्थित रवींद्रालय से प्रारम्भ हुई भारत जोड़ो यात्रा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी एवं क्षेत्रीय (प्रांतीय) अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने प्रारंभ की। यह यात्रा रविंद्रालय से शुरू हो कर नाका, मेडिकल कॉलेज होते हुए शहीद स्मारक पर समाप्त हुई।
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार दोनों नेताओं ने झंडारोहण के पश्चात बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरूआत की।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष सरदार दिलप्रीत सिंह, शहर अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र देव शुक्ला, संजय गिरी, वंदना गिहार प्रदेश उपाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ, सहयोग विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष धीरज गिहार, राजेश कपूर, मुकेश सहित कई विशिष्ट सहयोगियों और पदाधिकारीयों ने भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर 2022 को शुरू हुई थी और अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा तेलंगाना सहित पांच दक्षिणी राज्यों और महाराष्ट्र तथा मध्यप्रदेश से होकर गुजर चुकी है और फिलहाल यह यात्रा राजस्थान में है।