मोदी सरकार के आठ साल पर बोले योगी, प्रधानमंत्री ने जो कहा वह करके दिखाया
- मुख्यमंत्री योगी ने गिनाई भाजपा सरकार की उपलब्धियां
लखनऊ। केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल पूरा होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य मुख्यालय पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत 08 वर्ष में भाजपा की सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ देश के भीतर एक विश्वास भरा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले आठ के दौरान जो कहा वह करके दिखाया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में कई दशक गरीबी उन्मूलन के नारे लगते थे, लेकिन 30-40 साल तक गरीबी हटाने की दिशा में कुछ हुआ नहीं।
योगी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने मई 2014 में प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली। उससे पहले देश में सरकार के प्रति एक अविश्वास का वातावरण था, लेकिन देश की कमान मोदी के हाथों आते ही 135 करोड़ जनता के मन में एक नया विश्वास पैदा हुआ। प्रधानमंत्री ने ‘‘सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास’’ मंत्र दिया, जिसके तहत सरकार ने बिना भेदभाव के गांवों, गरीबों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों के हितों के लिए कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश के विभिन्न भागों में अलगाववाद, उग्रवाद और आतंकवाद का बोलबाला था। भ्रष्टाचार और अराजकता अपनी पराकाष्ठा की ओर थी। लेकिन देश की बागडोर संभालते ही प्रधानमंत्री मोदी ने देश में अभूतपूर्व परिवर्तन किया।
आठ साल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण कार्यक्रम (रिपोर्ट टू नेशन) के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री योगी के अलावा प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मोदी सरकार की योजनाओं से संबंधित एक ’ब्रोशर’ का लोकार्पण भी किया गया।