दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा से लखनऊ में गैंगरेप, 4 दिन तक फ्लैट में बंधक बनाकर किया शोषण

- सुशांत गोल्फ सिटी में छात्रा से दरिंदगी, नशीली कॉफी पिलाकर 4 दिन तक किया गैंगरेप
लखनऊ। यूपी की राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने दोस्त समेत तीन युवकों ने छात्रा को चार दिन तक फ्लैट में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि छात्रा छुट्टियों में अपने घर जौनपुर गई हुई थी। 15 मई को वह परीक्षा का एडमिट कार्ड लेने के लिए सुहेलदेव एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रही थी। इसी दौरान पुराने दोस्त शिवम यादव ने उसे मैसेज कर चारबाग रेलवे स्टेशन पर मिलने के लिए बुलाया। स्टेशन पहुंचने पर शिवम और उसके साथी सनी यादव ने छात्रा को ट्रेन से उतार लिया और बहाने से सुशांत गोल्फ सिटी स्थित फ्लैट पर ले गए।
पीड़िता का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड कॉफी पिलाई गई, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। अगले दिन आरोपी के साथी ने भी गलत काम किया। 17 मई को तीसरा युवक फ्लैट पर पहुंचा और तीनों ने मिलकर छात्रा का शोषण किया। आरोपियों ने चार दिन तक छात्रा को फ्लैट में बंद रखा और बाहर जाते समय कमरे को बाहर से लॉक कर देते थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
18 मई को आरोपी छात्रा को वापस चारबाग स्टेशन ले गए और ट्रेन में बैठाकर फरार हो गए। बरेली पहुंचने पर छात्रा ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना बताई। इसके बाद 20 मई को आंनद विहार पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई। मामला लखनऊ से जुड़ा होने के कारण 22 मई को केस सुशांत गोल्फ सिटी थाने ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।





