उत्तर प्रदेश में 144 पीसीएस अधिकारियों का तबादला, देखें पूरी लिस्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़े पैमाने पर पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। राज्य सरकार ने 144 पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। जिन अधिकारियों का तबदला किया गया है उनमें अधिकांश पुलिस उपाधीक्षक पद पर तैनात हैं। गौतम बुद्धनगर, कानपुर और लखनऊ के सहायक पुलिस आयुक्त का भी ट्रांसफर किया गया है। गाजियाबाद, प्रयागराज, आगरा और वाराणसी जैसे प्रमुख कमिश्नरेट एवं शहरों में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
लखनऊ कमिश्नरेट में कई नए अधिकारियों की तैनाती
इस प्रशासनिक बदलाव के तहत लखनऊ कमिश्नरेट में कई नए अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को अन्य इकाइयों और मुख्यालयों में भेजा गया है। सुजीत कुमार दुबे को अयोध्या से सहायक पुलिस आयुक्त, लखनऊ कमिश्नरेट बनाया गया है। रामकरन को बुलंदशहर से, अमरीश कुमार को फिरोजाबाद से और अरविन्द कुमार को उन्नाव से लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, विवेक यादव को प्रयागराज कमिश्नरेट से लखनऊ कमिश्नरेट भेजा गया है। समीर कुमार सिंह को बाराबंकी से लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा, लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात रत्नेश सिंह को सुरक्षा मुख्यालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। रंजीत कुमार को एसटीएफ मुख्यालय भेजा गया है। शशांक शेखर त्रिपाठी को यूपी पुलिस कंप्यूटर केंद्र, लखनऊ में तैनाती दी गई है। अखिलेश राजन को यूपी-112 मुख्यालय और रितिक कपूर को एसीओ मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। वहीं नीलम बिष्ट को महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, लखनऊ में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है।
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में भी नए अधिकारियों की तैनाती
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में भी अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रवीण कुमार सिंह को हापुड़ से, सिद्धार्थ गौतम को गाजियाबाद कमिश्नरेट से, शिव नारायन वैश्य को प्रतापगढ़ से और अनुराग कुमार सिंह को गोरखपुर से सहायक पुलिस आयुक्त बनाकर गौतमबुद्धनगर भेजा गया है। इसके अलावा अनिल कुमार को पुलिस अकादमी, मुरादाबाद से स्थानांतरित कर 49वीं वाहिनी पीएसी, गौतमबुद्धनगर में सहायक सेनानायक बनाया गया है।
इस तबादले के तहत गाजियाबाद कमिश्नरेट में भी दो अधिकारियों की तैनाती की गई है। ओंकार दत्त तिवारी को गोरखपुर से ट्रांसफर कर सहायक पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद कमिश्नरेट बनाया गया है। वहीं, आगरा कमिश्नरेट में तैनात इमरान अहमद को भी सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर गाजियाबाद भेजा गया है।
कानपुर नगर और कानपुर देहात में भी अधिकारियों का तबादला
कानपुर नगर और कानपुर देहात में भी पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। शोभित कुमार को बुलंदशहर से स्थानांतरित कर पुलिस उपाधीक्षक, कानपुर देहात बनाया गया है। वहीं, भास्कर वर्मा को गाजियाबाद कमिश्नरेट से सहायक पुलिस आयुक्त, कानपुर नगर भेजा गया है। अभिषेक कुमार राहुल और महेश कुमार को अलीगढ़ से स्थानांतरित कर कानपुर नगर कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा जियाउद्दीन अहमद को गाजियाबाद कमिश्नरेट से कानपुर नगर कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
बता दें कि इससे पहले 16 नवंबर को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए IAS अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया था। योगी सरकार ने 16 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदले गए थे, जबकि कुछ अधिकारियों को मंडलायुक्त और शासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।





