अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल कानपुर ने आयोजित किया रक्तदान शिविर, नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बनी मिसाल

कानपुर: अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, कानपुर ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) चैरिटेबल ब्लड सेंटर, कानपुर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस कैंप का उद्देश्य लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित करना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस नेक काम से जोड़ना था। हॉस्पिटल परिसर में आयोजित इस शिविर में कुल 50 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें 35 पुरुष और 15 महिलाएं शामिल रहीं
“रक्तदान करें, जीवन बांटें और इसे नियमित आदत बनाएं”
इसी संदेश के साथ आयोजित इस शिविर में नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर जोर दिया गया। लोगों को बताया गया कि एक यूनिट रक्त किसी मरीज की जान बचा सकता है। यह रक्त सर्जरी, इमरजेंसी, दुर्घटना, कैंसर के इलाज और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए बेहद जरूरी होता है।
रक्तदान के लिए तय किए गए थे कुछ जरूरी मानक
इस कैंप में 18 से 60 वर्ष की उम्र के ऐसे लोग भाग ले सकते थे, जिनका वजन कम से कम 50 किलोग्राम हो और हीमोग्लोबिन का स्तर 12.5 ग्राम से अधिक हो। इन मानकों का पालन इसलिए किया गया ताकि रक्तदान करने वाले और रक्त पाने वाले, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जागरूकता बढ़ाना भी था मुख्य उद्देश्य
स्क्रीनिंग प्रक्रिया के दौरान डॉ. जमाल उद्दीन अहमद, डायरेक्टर – ऑपरेशन्स, अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, कानपुर ने कहा, “रक्तदान समाज और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने का सबसे आसान और सबसे महत्वपूर्ण तरीका है। कई मरीजों को सर्जरी, दुर्घटना, प्रसव और गंभीर बीमारियों के दौरान रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में समय पर रक्त मिलना उनकी जान बचा सकता है। इस शिविर का उद्देश्य सिर्फ रक्त एकत्र करना नहीं था, बल्कि लोगों को यह समझाना भी था कि स्वस्थ व्यक्ति सुरक्षित तरीके से रक्तदान कर सकते हैं और किसी के लिए उम्मीद की किरण बन सकते हैं।”
आईएमए ब्लड सेंटर के सहयोग से सफल रहा आयोजन
आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर, कानपुर के सहयोग से पूरे रक्तदान अभियान का संचालन सुचारु रूप से किया गया। पूरे कैंप के दौरान विशेषज्ञों की निगरानी में रक्तदान की प्रक्रिया पूरी हुई। इस पहल के जरिए पहली बार रक्तदान करने वाले लोगों को भी इसके महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नियमित रक्तदान से मजबूत होता है स्वास्थ्य तंत्र
डॉ. एम सी वर्मा – मेडिकल ऑफिसर, आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर, कानपुर ने कहा, “स्वैच्छिक रक्तदान किसी भी मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था की नींव है। हम अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, कानपुर की इस पहल की सराहना करते हैं, जिसने समाज के लोगों को एक ऐसे उद्देश्य के लिए एकजुट किया है, जिससे सीधे मरीजों को फायदा मिलता है। इमरजेंसी और बार-बार रक्त चढ़ाने की जरूरत वाले मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराने के लिए ऐसे नियमित रक्तदान शिविर बेहद जरूरी हैं।”
अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, कानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर (बीमारियों से बचाव) को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। हॉस्पिटल के विशेषज्ञों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की पहलें और कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि लोगों को जिम्मेदारी के साथ समाजसेवा में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके और कानपुर के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जा सके।





