
गुरुग्राम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित रियल एस्टेट धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत गुरुवार को हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के गुरुग्राम स्थित आवास एवं फार्महाउस पर छापेमारी की। ईडी के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह छापेमारी रियल एस्टेट कंपनी वाटिका लिमिटेड के खिलाफ दर्ज मामले से जुड़ी है।
ईडी ने बताया कि कंपनी पर आरोप है कि समय पर कब्जा देने, सुनिश्चित लाभ, पट्टा किराया और बिक्री विलेख (सेल डीड) कराने का भरोसा देकर निवेशकों को वाणिज्यिक परियोजनाओं में निवेश के लिए आकर्षित किया गया। ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि जांच के दायरे में शामिल चार परियोजनाओं में 661 निवेशकों से 248.46 करोड़ रुपये जुटाए गए लेकिन अब तक न तो उन्हें संपत्तियों का कब्जा दिया गया और न ही वादे के अनुसार बिक्री विलेख निष्पादित किए गए।
कांडा के घर, फार्महाउस और कार्यालय पर कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि मामले में धन के लेन-देन की कड़ी का पता लगाने के लिए गुरुग्राम में कांडा के आवास, फार्महाउस और कार्यालय पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि संदेह है कि रियल एस्टेट कंपनी से मिली धनराशि को पूर्व मंत्री से जुड़ी विभिन्न कंपनियों के खातों में कथित तौर पर अंतरित किया गया।



