देशबड़ी खबर

मुंबई बम धमकी मामले का आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने नोएडा से पकड़ा, पूछताछ शुरू

मुंबई: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शहर में बम धमकी देने के मामले में एक अहम कामयाबी हासिल की है। उत्तर प्रदेश के नोएडा से 50 साल के आश्विन कुमार सुप्रा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया गया है। यह शख्स बिहार का रहने वाला है और पिछले 5 साल से ज्योतिषी और वास्तु सलाहकार के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुप्रा ने नोएडा से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल करके मुंबई पुलिस को व्हाट्सएप के जरिए धमकी भेजी थी। इस धमकी में दावा किया गया था कि लश्कर-ए-जिहादी के 14 आतंकवादी मुंबई में घुस आए हैं और 400 किलो RDX के साथ बड़ा हमला करने की साजिश रच रहे हैं।

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। मुंबई के जॉइंट कमिश्नर ने गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से संपर्क किया। इसके बाद जॉइंट सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) और स्वाट टीम को तुरंत कार्रवाई का जिम्मा सौंपा गया। महज 4-5 घंटों में पुलिस ने नोएडा के सेक्टर 79 में एक रिहायशी सोसाइटी से सुप्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद कर लिया, जिससे धमकी भेजी गई थी। यह धमकी गुरुवार को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर आई थी, जब शहर में गणेश उत्सव के दसवें दिन अनंत चतुर्दशी की तैयारियां चल रही थीं। धमकी में दावा किया गया था कि 34 गाड़ियों में 400 किलो RDX लगाया गया है।

पहले भी आई थीं ऐसी धमकियां

पुलिस का कहना है कि पहले भी इस हेल्पलाइन पर ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुई थीं। फिर भी, मुंबई पुलिस ने कोई जोखिम न लेते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) और दूसरी एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दी गई है। वर्ली पुलिस स्टेशन में अज्ञात शख्स के खिलाफ भादवसं की धारा 351 (आपराधिक धमकी) और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी को नोएडा से मुंबई लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी ताकि धमकी के पीछे का असली मकसद और साजिश का पता लगाया जा सके।

Khabri Adda

Khabri Adda Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2019. The proud journey since 3 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2019.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button