उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ में बनेगा प्रदेश का पहला निफ्टेम सैटेलाइट सेंटर, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मिलेगी नई उड़ान

प्रदेश सरकार ने खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। योगी सरकार राजधानी लखनऊ में प्रदेश का पहला राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) का सैटेलाइट सेंटर स्थापित करने की दिशा में कदम आगे बढ़ा दिये हैं। इसके लिए राजधानी में तीन स्थानों क्रमश: राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र आलमबाग, राजकीय उद्यान अलीगंज और उद्यान निदेशालय हजरतगंज को चिह्नित किया गया है। सेंटर की स्थापना से प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को तकनीकी रूप से मजबूत करने के साथ ही विद्यार्थियों और युवाओं के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार होंगे पाठ्यक्रम

अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा ने बताया कि प्रदेश में कृषि और उद्यानिकी को केवल परंपरागत खेती तक सीमित न रखकर उसे आधुनिक तकनीक और उद्योगों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में निफ्टेम का सैटेलाइट सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण और उद्यान क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कुशल मानव संसाधन तैयार करना है। इस केंद्र के माध्यम से किसानों, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों, विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक तकनीकी सुविधाएं और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल सकेगा।

सेंटर के संचालन और विकास में निफ्टेम सोनीपत के विशेषज्ञ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यहां खाद्य परीक्षण, प्रयोगशालाओं, अनुसंधान एवं विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और इन्क्यूबेशन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही विद्यार्थियों के लिए जरूरी शैक्षणिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांचने, उनकी तकनीकी कमियों को दूर करने और नए उत्पाद विकसित करने में मदद मिलेगी। प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम भी किए जाएंगे संचालित

अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा ने बताया कि निफ्टेम के सैटेलाइट सेंटर में खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यान क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यावसायिक और तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों को उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इसके साथ ही विद्यार्थियों और संबंधित क्षेत्र के लोगों के लिए समय-समय पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। संस्थान में शिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों की क्षमता बढ़ाने के लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) भी चलाए जाएंगे। इसके माध्यम से शिक्षकों को खाद्य प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों, आधुनिक तकनीकों और अनुसंधान की जानकारी दी जाएगी।

विद्यार्थियों को मिलेगा प्रयोगात्मक ज्ञान और अनुसंधान का अवसर

निफ्टेम सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव देने पर भी विशेष जोर रहेगा। इसके लिए विद्यार्थियों का निफ्टेम सोनीपत में शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण और उद्यान क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों तथा अन्य हितधारकों के लिए प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों से युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता साबित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस पहल के तहत एमएससी के विद्यार्थियों के लिए विलेज एडॉप्शन प्रोग्राम भी शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को चयनित गांवों से जोड़कर कृषि, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा। विद्यार्थी गांवों में जाकर कृषि उत्पादों की उपलब्धता, उनके प्रसंस्करण और उनसे जुड़े अवसरों को समझ सकेंगे। इससे उन्हें ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के बीच संबंधों की बेहतर जानकारी मिलेगी। इसके अलावा राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान, लखनऊ के एमएससी विद्यार्थियों को अनुसंधान और नए खाद्य उत्पादों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं में सीधे शामिल किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को प्रयोगशाला में काम करने, नए उत्पाद तैयार करने और खाद्य प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार करने का अवसर मिलेगा। साथ ही प्रदेश में स्थानीय कृषि एवं उद्यान उत्पादों पर आधारित नए खाद्य उत्पाद विकसित करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

इन प्रमुख संस्थानों के सहयोग से विकसित होगा सेंटर

निफ्टेम के सैटेलाइट सेंटर को धरातल पर उतारने के लिए देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक और अनुसंधान संस्थानों का सहयोग लिया जाएगा। इसमें निफ्टेम सोनीपत के साथ केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (आईसीएआर-सीआईएसएच), केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (सीएफटीआरआई) और लखनऊ विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इन संस्थानों के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ लेकर खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यान क्षेत्र के लिए तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था तैयार की जाएगी।

खबरी अड्डा

Khabri Adda Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2019. The proud journey since 3 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2019.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button