उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

बिहार में जीत के बाद भारतीय राजनीति में बहुत बड़ा बदलाव… बोले राजनाथ- यूपी में भी दोहराया जाएगा बिहार का परिणाम

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद शनिवार को लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री व स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भी बिहार जैसा परिणाम दोहराया जाएगा।

दो दिवसीय प्रवास पर राजधानी पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एयरपोर्ट पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। सबसे पहले वह सदर बाजार स्थित संस्कृत पाठशाला महाविद्यालय पहुंचे, जहां वरिष्ठ कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए बिहार की जीत को मेहनत, संगठन और समर्पण का परिणाम बताया। कहा कि बिहार की जीत कार्यकर्ताओं के पसीने की कमाई है। बिहार चुनाव के परिणाम से भारतीय राजनीति में बहुत बड़ा बदलाव है। अब जाति-मजहब की राजनीति नहीं चलेगी, जनता सुशासन और देशभक्ति के साथ है। राजनाथ सिंह ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि केवल भाषणों से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होता, व्यवस्था में परिवर्तन लाना पड़ता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश बनाने के लिए है। बहुत सी पार्टियां जाति, क्षेत्र और मजहब की बात करती हैं, लेकिन भाजपा हमेशा देशभक्ति की बात करती है। यही हमारी पहचान है, पार्टी विद डिफरेंस।

राजनाथ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि उनका काम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि नेतागिरी न करें, इसका इलाज हमारे पास भी है, साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि वह झूठ बोलकर राजनीति नहीं कर सकते। काम बहुत हुआ है, कमियां भी रहेंगी, लेकिन संवाद से समाधान निकलता है। उन्होंने यह भी कहा कि छावनी परिषद का चुनाव अवश्य होगा। कुछ कारणों से स्थगित हुआ था, लेकिन चुनाव होगा ही। वर्ष 2015 के बाद से छावनी परिषद का चुनाव नहीं हो पाया है और 2020 में परिषद का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।

राजधानी लखनऊ की तस्वीर बदली

लखनऊ के विकास को लेकर राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले दस साल में राजधानी की तस्वीर बदली है। ईमानदारी से काम किया जाए तो परिवर्तन अवश्य होता है। भारत को विकसित बनाने का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने जीएसटी कम होने से जनता को हुए लाभ का उल्लेख किया और कहा कि जब लोगों के पास पैसा आएगा तो अर्थव्यवस्था अपने आप आगे बढ़ेगी।

भारत की मिसाइल व हथियार खरीदने को दुनिया में होड़

रक्षा मंत्री ने रक्षा उत्पादन क्षेत्र में हुए बदलावों पर भी जोर दिया। उन्होंने गर्व से बताया कि ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में जिस ब्रह्मोस मिसाइल ने करिश्मा किया, वह लखनऊ में बन रही है। आज भारत में बनी मिसाइलें और हथियार खरीदने के लिए दुनिया में होड़ लगी है। यह नए भारत की शक्ति है। राजनाथ सिंह रविवार को भी राजधानी में विभिन्न सामाजिक, संगठनात्मक और स्मृति कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे।

Khabri Adda

Khabri Adda Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2019. The proud journey since 3 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2019.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button