उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ : पत्रकार पर हमला करने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

लखनऊ। लखनऊ पुलिस ने मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक स्थानीय पत्रकार पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

स्थानीय पत्रकार और मोहनलालगंज निवासी मुकेश द्विवेदी ने पुलिस थाने में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में कहा कि बृहस्पतिवार (13 नवंबर) शाम करीब 5.40 बजे वह और हिमांशु रावत एक सर्विस सेंटर से अपनी कार (एसयूवी) लेकर जा रहे थे।

तभी दो एसयूवी और एक अन्य कार ने उनके वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की। जब द्विवेदी अपने भूखंड पर पहुंचे और अपने लोगों को बुलाया, तो तीनों गाड़ियां (दो एसयूवी और एक कार) भी उनका पीछा करते हुए वहां पहुंच गईं।

द्विवेदी ने आरोप लगाया कि जब उनका हमलावरों से आमना-समना हुआ तो उन्होंने उनको लक्ष्य करके गोलीबारी शुरू कर दी, लेकिन पुलिस ने इस आरोप से इनकार किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गाड़ियों में सवार लोगों ने उनके साथ गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।

द्विवेदी की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 191(2) (दंगा), 191(3) (घातक हथियार या हथियार के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली किसी भी चीज से लैस होना जिससे मौत हो सकती है), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मोहनलालगंज थाने के थाना प्रभारी दिलशेर कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज करके घटना की जांच की जा रही है। इस संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सिंह ने कहा, ‘‘मुकेश द्विवेदी ने कहा था कि गोलीबारी हुई थी, लेकिन गोलीबारी नहीं हुई। यह घटना निजी दुश्मनी के कारण हुई होगी।’’

Khabri Adda

Khabri Adda Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2019. The proud journey since 3 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2019.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button