उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

अखिलेश यादव बोले- ‘बिहार में बदलाव तय, भाजपा ने बिहार को किया बरबाद’

पटना/लखनऊ। इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेता और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार में आयोजित चुनावी जनसभाओं में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए गठबंधन पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि बिहार में इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और भाजपा की हार निश्चित है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने देश और बिहार दोनों को ‘महंगाई, बेरोजगारी और पलायन’ के रास्ते पर धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘प्रधानमंत्री उद्योगपतियों के हित में काम कर रहे हैं, गरीबों और किसानों की चिंता उन्हें नहीं है। गैस सिलेंडर, डीजल- पेट्रोल और जरूरी चीजों के दाम बढ़ाकर उन्होंने आम जनता का जीवन मुश्किल बना दिया है।’

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस सालों में अपने करीबी उद्योगपतियों को बैंकों से जनता का पैसा दिलाकर बहुत आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ‘जनता अब भाजपा के झूठ और धोखे को समझ चुकी है। बिहार में बदलाव की हवा चल रही है।’ इंडिया गठबंधन की नीतियों की चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनती है तो ‘हर घर को नौकरी मिलेगी, माताओं- बहनों को 2500 रुपये प्रति माह की सहायता दी जाएगी, गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा और 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।’

उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने के बाद मेधावी छात्रों को लैपटॉप देंगे, जैसा कि समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश में किया था। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि ‘प्रधानमंत्री अगर उद्योगपतियों को बैंकों से पैसा दिलाकर उनके उद्योग लगा सकते हैं तो तेजस्वी यादव भी सरकारी योजनाओं से गरीबों और युवाओं को रोजगार दे सकते हैं।’

उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण बिहार का नौजवान पलायन करने को मजबूर है, लेकिन तेजस्वी की सरकार आने पर युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिलेगा। किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ‘भाजपा सरकार ने किसानों को धोखा दिया है। धान का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, डीएपी और कीटनाशक महंगे हो गए हैं, और खाद की बोरियों में भी चोरी हो रही है।’

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों की मदद करेगी और उनके हितों की रक्षा करेगी। भाजपा पर व्यंग्य करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ‘भाजपा बिहार में झूठा प्रचार कर रही है। अब उनकी ए टीम, बी टीम, सी टीम और पी टीम सक्रिय हैं, लेकिन जनता को सावधान रहना होगा।’ उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को अयोध्या और अवध में हराया था, ‘भगवान श्रीराम ने समाजवादियों को आशीर्वाद दिया।’

उन्होंने दावा किया कि 11 नवम्बर को दूसरे चरण के मतदान के बाद ‘भाजपा बिहार से नौ- दो- ग्यारह हो जायेगी।’ अखिलेश यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव नई पीढ़ी के नेता हैं और सभी वर्गों को साथ लेकर नया बिहार बनाएंगे। वहीं, उन्होंने वर्तमान मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि ‘वे सिर्फ भाजपा के चुनावी दूल्हा हैं। भाजपा पहले इस्तेमाल करती है, फिर बरबाद कर देती है। बिहार की जनता इस बार भाजपा से 30 साल का हिसाब मांगेगी। यह चुनाव सौहार्द, भाईचारे, सद्भाव और न्याय की जीत का चुनाव होगा।’

Khabri Adda

Khabri Adda Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2019. The proud journey since 3 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2019.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button