भीषण गर्मी मे ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था, कई इलाकों के उपभोक्ता हुए परेशान

लखनऊ, : उमस और भीषण गर्मी के बीच ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था ने रविवार को लोगों को बेहाल कर दिया। ट्रांसफार्मर और केबिल फॉल्ट के कारण दाउद नगर और कबीर नगर उपकेंद्र की बिजली सप्लाई ठप हो गई। इससे करीब दो लाख से अधिक की आबादी को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। वहीं चौपटिया उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले सराय माली खां में रविवार रात एबीसी लाइन में आग लग गई। इसके साथ ही बढ़ी बिजली के मांग के कारण रविवार रात चिनहट ट्रांसमिशन और उपकेंद्र ओवरलोड हो गया। इससे शिवपुरी सबस्टेशन सहित कई उपकेंद्रों में रोस्टिंग करने का सहारा लिया गया।
अहिबरनपुर डिवीजन का दाउद नगर उपकेंद्र रात आठ बजे ब्रेकडाउन में चला गया। इसके चलते अशोक नगर,अन्नापूर्णा नगर,गणेश विहार, सहित कई बड़े इलाके अंधेरा में डूब गए। सप्लाई के आने के कारण लोगों को पानी की समस्या से भी जूझने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे नाराज लोगों ने उपकेंद्र पर फोन कर सप्लाई के बाधित होने की जानकारी दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने फाल्ट को सही कर सप्लाई को बहाल किया।
वहीं फैजुल्लागंज के अजीज नगर में भी सप्लाई प्रभावित रही। इसके साथ ही कबीर नगर उपकेंद्र की 33 केवी लाइन के ब्रेकडाउन होने से पंडितखेड़ा, गोकुल स्टेट, हंसखेड़ा, सनसिटी, कांशीराम कॉलोनी, मुन्नूखेड़ा, चुन्नूखेड़ा, शुभम सिटी, डूडा कॉलोनी, गायत्रीपुरम, आसरे कॉलोनी, गोल्ड सिटी, कृष्ण विहार कॉलोनी की सप्लाई बिजली बंद हो गई। इससे परेशान उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर फोन किया, बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासी रामनरेश अवस्थी ने बताया कि सुबह 6 बजे से सप्लाई की आवाजाही बनी हुई है। इसके बाद दोपहर 3:30 से शाम 5 बजे तक बिजली फिर बाधित रही। बिजली की आवाजाही के चलते रविवार की छुट्टी का पूरा मजा बेकार हो गया। वही सरोजनीनगर के गहरू और उतरेठिया में भी कई घंटे तक बिजली संकट बना रहा। आलमबाग चंदर नगर उपकेंद्र के पवनपुरी में देर रात एबीसी लाइन में आग लगने से इलाकें में तीन घंटे से ज्यादा बिजली गुल रही। इसके साथ गहरू उपकेंद्र का रहमानखेड़ा फीडर के ब्रेकडाउन का हो गया। इसके कारण इससे पोषित कई इलाकों की सप्लाई घंटो बंद रही। इसके अलावा उतरेठिया उपकेंद्र के आदर्श नगर में शनिवार रात 11 बजे एबीसी में आग लग गई। इससे रात एक बजे तक सप्लाई बंद रही।
नादरगंज उपकेंद्र का हज हाउस फीडर सुबह 6:30 बजे ब्रेकडाउन हुआ। वहीं अम्बेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्र का मिलेनियम फीडर दोपहर एक बजे तक ब्रेकडाउन का शिकार रहा। मोहनलालगंज उपकेंद्र के 11 केवी फीडर पर पेड़ की डाली टूटकर गिर गई। इससे एक घंटा बिजली सप्लाई ठप रही। सीतापुर रोड स्थित अहिबरनपुर उपकेंद्र में शनिवार रात अंडरग्राउंड केबल फाल्ट हो गया। इससे खदरा, त्रिवेणीनगर, मदेयगंज सहित बड़े इलाकों में सुबह तीन बजे तक सप्लाई ठप रही। वहीं सुबह 6 बजे हुए लो-वोल्टेज के कारण लोगो को पानी की समस्या को भी झेलना पड़ा।
अधिशासी अभियंता विशाल ने बताया कि सप्लाई के बंद होने सहित सभी मामलों में जेई से रिपोर्ट तलब की गई है। चिनहट ट्रांसमिशन उपकेंद्र से शिवपुरी उपकेंद्र से पोषित इलाको की सप्लाई में हो रही बिजली कटौती से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।राजाजीपुरम सेक्टर-12, रुकुन्दीपुर में भी सप्लाई प्रभावित होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा चाइना बाजार, आदर्श नगर, अमन विहार सहित कई इलाकों में बिजली की आवाजाही बनी हुई है