“उसे जमीन में दफना दूंगा, अधिकार लेने में जो बाधा बनेगा”, बलिया में बोले ओमप्रकाश राजभर

बलिया: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने यूपी के बलिया से ऐसा बयान दिया है, जिसकी सियासी गलियारों में काफी चर्चा हो रही है। ओमप्रकाश राजभर ने कहा, “अधिकार लेने में जो बाधा बनेगा, उसे जमीन में दफना दूंगा।”
क्या है पूरा मामला?
ओमप्रकाश राजभर ने खुले मंच से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और शिवसेना पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा कि हमारे अधिकार लेने में जो भी बाधा बनेगा, उसे ओमप्रकाश राजभर जमीन में दफनाने का काम करेगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल, बलिया के बेल्थरा रोड में महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में सड़क पर चलने, गैस सिलेंडर देने, अस्पतालों में दवाइयां बांटने और राशन वितरण में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता है। इसके बावजूद भेदभाव के आरोप लगाने वाली पार्टियां जनता को गुमराह करने का काम कर रही हैं।
ओमप्रकाश राजभर ने आगे कहा कि ऐसे लोगों से मैं कहना चाहता हूं कि घबराने की जरूरत नहीं है। आज कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और शिवसेना ने चुनौती दी है और हमने उनकी चुनौती स्वीकार कर ली है।
उन्होंने महाराजा सुहेलदेव का जिक्र करते हुए कहा कि हम राजा सुहेलदेव के वंशज हैं। हमारे अधिकारों को लेने में जो भी बाधा बनेगा, उसे जमीन में दफनाने का काम ओमप्रकाश राजभर करेगा।
ओमप्रकाश राजभर के इस बयान ने प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है।
हाल ही में राजभर ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा था कि अखिलेश की भाषा गुंडागर्दी वाली है। समाजवादी पार्टी की मानसिकता सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझने की रही है। पुलिस अधिकारियों को अखिलेश यादव अपमानित करते हैं, जो सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले लाखों युवाओं का मनोबल तोड़ती है।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के बयानों ‘पुलिस से स्टेपनी बदलवाऊंगा’, ‘इसको उड़वा दूंगा’ और ‘उसको उठवा लूंगा’ का जिक्र करते हुए ये बात कही थी।





