पुलिस ने किया हत्या का खुलासा, हत्यारोपी गिरफ्तार,पुरानी रंजिश में की थी हत्या

लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के गुलालखेड़ा गांव में 22 जनवरी की रात हुई एक युवक की क्रूर हत्या का मामला मात्र 36 घंटों में सुलझा लिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप और जीन्स पैंट बरामद कर लिए हैं। यह सफलता थाना नगराम पुलिस और जोन दक्षिणी की सर्विलांस टीम द्वारा की गई है।
दरअसल 23 जनवरी 2026 को ग्राम गुलालखेड़ा के बाहर इंदिरा नहर की पटरी के नीचे झाड़ियों में ओम प्रकाश (उम्र करीब 22 वर्ष) पुत्र स्व. रामहरख का मृत शरीर मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल को संरक्षित किया और फील्ड यूनिट के माध्यम से साक्ष्य एकत्र किए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की मां गीता देवी की तहरीर पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। शुरुआत में कई नामजद आरोपी शामिल थे, जिनमें अरविन्द कुमार उर्फ अरुण (पुत्र स्व. मायालाल, निवासी ग्राम गुलालखेड़ा, उम्र करीब 20 वर्ष) प्रमुख था। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में टीम गठित की गई।
टेक्निकल सर्विलांस, मैनुअल जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर अरविन्द को अचलीखेड़ा बैराज से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अरविन्द गांव के किनारे नहर पटरी पर अंडे का ठेला लगाता था। 22 जनवरी को मृतक ओम प्रकाश अन्य साथियों के साथ ठेले पर अंडा खाने और शराब पीने आया,नशे में धुत होकर ओम प्रकाश वहीं लेट गया व अन्य लोग चले गए, अरविन्द भी ठेला समेटकर घर लौट गया।
लेकिन पुरानी रंजिश के कारण उसे बदला लेने का मौका मिल गया। वह घर से लोहे की पाइप लेकर लौटा, नशे में बेहोश ओम प्रकाश को पटरी से नीचे झाड़ियों में खींचकर ले गया और सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की मां और गवाहों के बयानों से पता चला कि दो माह पहले दोनों के बीच कहा-सुनी हुई थी, जिससे पुरानी दुश्मनी बढ़ गई थी। पुलिस ने आलाकत्ल लोहे की पाइप और आरोपी की जीन्स पैंट बरामद की है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





