नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने में अब कुछ दिन ही बाकी रह गए हैं लेकिन उससे पहले चुनाव आयुक्त अरुण गोयल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कानून मंत्रालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन में इस बात की जानकारी दी गई कि राष्ट्रपति ने चुनाव आयुक्त अरुण गोयल का इस्तीफा मंजूर कर लिया है, यह 9 मार्च से प्रभावी हो गया है।
2027 तक था कार्यकाल
जानकारी के मुताबिक उनका कार्यकाल 2027 तक था। चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त के अलावा दो चुनाव आयुक्त होते हैं। एक चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे पिछले महीने रिटायर हो गए थे। उनके पद पर अभी नई नियुक्ति हो भी नहीं पाई थी कि अब अरुण गोयल ने पद से इस्तीफा दे दिया है। अरुण गोयल के इस्तीफे से केवल मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ही बचे हैं।
चुनावी तैयारियों के लिए कई राज्यों के दौरे पर अरुण गोयल मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ थे। लेकिन अब अचानक उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे की फिलहाल कोई वजह नहीं बताई है।
President accepts the resignation tendered by Arun Goel, Election Commissioner with effect from the 9th March 2024: Ministry of Law & Justice pic.twitter.com/88tuyXm4uP
— ANI (@ANI) March 9, 2024
भारतीय प्रशासनिक सेवा से लिया था वीआरएस
अरुण गोयल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा से वीआरएस लिया था। वे पंजाब कैडर के 1985-बैच के आईएएस अधिकारी थे। वह नवंबर 2022 में निर्वाचन आयोग में शामिल हुए थे। वीआरएस लेने से पहले वे केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय में सचिव के पद पर तैनात थे। मुख्य चुनाव आयुक्त के तौर पर उनकी नियुक्ति को लेकर विवाद भी हुआ था। उनकी नियुक्ति को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी।