रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भारत जोड़ो यात्रा का करेंगे स्वागत
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का स्वागत करेंगे। उन्होंने यात्रा के यूपी में प्रवेश करने पर राहुल गांधी को शुभकामनाएं दी हैं। जयंत चौधरी ने ट्वीट कर कहा कि ‘तप कर ही धरती से बनी ईंटें छू लेती हैं आकाश! भारत जोड़ो यात्रा के तपस्वियों को सलाम! देश के संस्कार के साथ जुड़ कर उत्तर प्रदेश में भी चल रहा ये अभियान सार्थक हो और एक सूत्र में लोगों को जोड़ते रहे!’
रालोद अध्यक्ष ने भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करने की बात भी कही है। बताया जा रहा है कि यात्रा के बागपत और शामली पहुंचने पर जयंत चौधरी स्वागत करेंगे। उल्लेखनीय है कि रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी से पूर्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती भी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के आमंत्रण मिलने पर राहुल गांधी को शुभाकामनाएं दे चुके हैं। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नौ दिनों के विश्राम के बाद मंगलवार को आरंभ होकर उत्तर प्रदेश में दाखिल हो चुकी है।