हरदोई: प्रख्यात अवैध खनन की खबरों पर अनदेखी का नतीजा महिला जज को डम्पर ने मारी टक्कर
कछौना (हरदोई)। वर्षों से अखबार और चैनलों की सुर्खियों में जनपद हरदोई के समूचे क्षेत्र में अवैध खनन की खबरों पर जनपद के अधिकारियों ने आज तक नहीं लिया कोई संज्ञान। आए दिन मिट्टी व बालू के अवैध खनन से हो रही दुर्घटनाएँ। कई कलम के सिपाही खबरचियों पर पुलिस ने फर्जी मुकदमे लिखकर जेल तक का सफर तय करा दिया मगर जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूँ तक नहीं रेंगी।
आज का ताजा मामला कोतवाली क्षेत्र कछौना के अंतर्गत ग्राम उसरहा बीट द्वितीय से जुड़ा है जहाँ अवैध मिट्टी खनन कर रहे डम्पर ने जनपद पीलीभीत की अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) सुम्बुल इरसाद की गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी जिससे उनका वाहन संख्या UK15 B 3837 बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और महिला जज बुरी तरह घायल हो गईं।
फिलहाल जज की गम्भीर हालत को देखते हुए उनको उपचार हेतु लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। अवैध मिट्टी खनन ही दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। अवैध खनन से क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं और साथ-साथ सड़कों का हाल भी हो रहा है बेहाल। पुलिस व राजस्व विभाग की मिलीभगत से खुलेआम होता है अवैध खनन।
इस बार खनन के खातिर सरकार की बहुत किरकिरी हो रही है क्योंकि बीते कई सालों से विभिन्न समाचार पत्रों व चैनलों के संवाददाता अवैध खनन की खबरों का प्रकाशन कर रहे हैं और जिम्मेदार लोकसेवक ख़बरों की अनदेखी करते रहते हैं। नतीजतन आए दिन दुर्घटनाएँ होना और पत्रकारों पर फर्जी मुकदमे लिखना हरदोई प्रशासन का खेल बन चुका है। आखिर अवैध खनन के जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी का ही ये नतीजा है जो आज एक जज के वाहन में अवैध मिट्टी खनन के डम्पर ने जोर दार टक्कर मारकर उनकी भी जान को जोखिम में डाल दिया है।