लक्ष्य फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने कारगिल युद्ध के नायक कारगिल विजय सिंह को किया सम्मानित
गोण्डा। देश की सुरक्षा व स्वाभिमान के लिए अहर्निश संकल्पित सैनिकों के बदौलत भारत विश्व पटल पर सदैव अग्रणी रहा है। ऐसे में उन जवानों को विस्मृत नहीं किया जा सकता जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। रविवार की सुबह कारगिल विजय दिवस की 21 वीं वर्षगांठ पर लक्ष्य फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने कारगिल युद्ध के नायक कारगिल विजय सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित करते हुए उनके साथ युद्ध काल की स्मृतियों को साझा किया।
चर्चा के दौरान लक्ष्य फाउंडेशन के संस्थापक /संयोजक जितेंद्र पांडेय हलचल ने कहा कि राष्ट्र को गौरवान्वित करने वाला कारगिल विजय दिवस हम सभी के लिए एक प्रेरणा और सैनिकों के लिए उत्साह का दिवस है। हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों पर अपने अद्भुत शौर्य एवं पराक्रम से दुश्मनों को परास्त करने वाले सभी भारतीय जवानों नमन एवं बधाई है, उन्हीं की बदौलत हम सब खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। संगठन के मीडिया प्रभारी अरुण मिश्र ने कहा कि मातृभूमि के प्रति सैनिकों की निष्ठा एवं समर्पण से राष्ट्र सदैव सुरक्षित एवं गौरवान्वित महसूस करता है। इस दौरान वरिष्ठ सदस्य उमा नाथ तिवारी, असद आरिफ खान, विश्वजीत एवं अखिलेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।